July 28, 2026 8:05 pm

नारायणपुर में बिजली संकट पर फूटा जनता का गुस्सा, पार्षद जय वट्टी ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नगर पालिका नारायणपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज की समस्या और मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद किए जाने से आम जनता का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को न पर्याप्त बिजली मिल पा रही है और न ही समय पर पानी। बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा पूरे शहर की जनता भुगत रही है।

विशेष रूप से आमबगीचा क्षेत्र वर्षों से लो वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लो वोल्टेज के कारण पानी टंकी तक पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहा, जिससे बांग्लापारा, तहसीलपारा, डीएनके और जगदीश मंदिर वार्ड तक पानी सप्लाई बाधित हो रही है। वार्डवासियों को समय पर पानी नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद जय वट्टी के नेतृत्व में आज बिजली कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा गया। इस दौरान पार्षद ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब जनता को टेम्पररी आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।

पार्षद जय वट्टी ने कहा कि बार-बार बिजली कटौती और ओवरलोड के नाम पर जनता को परेशान करना तुरंत बंद किया जाए। आमबगीचा क्षेत्र में अलग ट्रांसफार्मर लगाया जाए तथा प्रत्येक वार्ड में स्थायी और मजबूत बिजली व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनता अपनी समस्या लेकर बिजली कार्यालय पहुंची तो आधे घंटे तक अधिकारी-कर्मचारी आवेदन लेने तक नहीं पहुंचे। लोग गर्मी और बिजली संकट से परेशान होकर अपनी तकलीफ बताने के लिए इंतजार करते रहे, जबकि कर्मचारी कूलर और पंखे का आनंद लेने में व्यस्त थे। घंटों बाद आवेदन स्वीकार किया गया।

पार्षद ने कहा कि अधिकारियों को फोन के माध्यम से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए। केवल आश्वासन देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश न की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नारायणपुर की जनता सड़क से लेकर बिजली कार्यालय तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के अंदर यदि इतनी खराब व्यवस्था है तो ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है और अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।

इस दौरान जनता ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की—

जनता परेशान है, बिजली विभाग जवाब दो!”

लो वोल्टेज और कटौती बंद करो!”

बिजली-पानी हमारी जरूरत है, कोई एहसान नहीं!”

पार्षद जय वट्टी ने स्पष्ट कहा कि अगर जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो जनता बिजली विभाग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होगी।

Leave a Comment

[the_ad id='14896']

कांग्रेस की सिंगल इंजन सरकार मे बिजली मुफ्त मिलता था, पांच वर्ष मे सिर्फ 2पैसे दर मे बढ़ोतरी हुआ था कांग्रेस भाजपा की डबल इंजन सरकार मे पांच बार बिजली दर मे वृद्धि किया गया, आम जनता मे महगाई का कुठाराघात – कांग्रेस

error: Content is protected !!