
कांकेर। उत्तर बस्तर के कांकेर जिले में रविवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। कांकेर थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदखड़क के जंगल-पहाड़ी इलाके में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) और BSF (बीएसएफ) की संयुक्त सर्चिंग टीम की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली मारे गए।
ढेर नक्सलियों की पहचान

सरवन मड़काम उर्फ विश्वनाथ उर्फ बुधराम पुनेम – एरिया कमेटी सचिव, इनामी ₹8 लाख।
रोजेश उर्फ रोकेश हेमला – नगरी एरिया कमेटी/गोपार एलओएस कमांडर, इनामी ₹5 लाख।
बसंती कुंजाम उर्फ हिंडमें – प्रोटेक्शन टीम मैनपुर-नुआपाड़ा सदस्य, इनामी ₹1 लाख।
हथियार बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने 1 नग SLR, 1 नग .303 राइफल, 1 नग 12 बोर बंदूक सहित भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है।
अधिकारियों का बयान
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि DRG और BSF की संयुक्त पार्टी नियमित अभियान के तहत जंगल में सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तलाशी ली गई और नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद इलाके की सघन तलाशी की गई, जिसमें हथियार व नक्सली सामग्री बरामद हुई।
उन्होंने माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की और कहा कि –
“सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा।”





