
नारायणपुर जिले में यूथ कांग्रेस की नई नियुक्तियाँ, 32 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नारायणपुर
बीते दिनों नारायणपुर जिले में यूथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नई नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रक्रिया में युवा कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं नारायणपुर जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन की विशेष भूमिका रही।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष बोधन देवांगन के नेतृत्व में कुल 32 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नियुक्त सभी युवा लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जमीनी स्तर पर जुड़े हुए हैं और पार्टी के प्रति निष्ठा एवं विश्वास के साथ निरंतर कार्य करते आ रहे हैं।

बोधन देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पाँच विभिन्न वर्गों में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सोशल मीडिया प्रभारी, जिला सचिव एवं जिला महासचिव के पद शामिल हैं। इन पदाधिकारियों के कार्यक्षेत्र को ब्लॉक स्तर एवं जिला स्तर पर विभाजित किया गया है।
इन नियुक्तियों के अंतर्गत भानपुरी, नारायणपुर, मर्दापाल एवं छोटे डोंगर ब्लॉकों को शामिल किया गया है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए जिला अध्यक्ष बोधन देवांगन ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें, पद की गरिमा और मर्यादा बनाए रखें तथा पूरी मेहनत और लगन के साथ कांग्रेस संगठन के प्रति समर्पित रहकर कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की आगे की रणनीति आगामी बैठक में साझा की जाएगी।





