
- नारायणपुर की बेटी सविता यादव को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होते हैं और वे समाज को जिम्मेदार नागरिक देने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव हैं।
सुश्री यादव को यह सम्मान विद्यालय और बच्चों के प्रति उनकी समर्पित भावना, नवाचार और रचनात्मक कार्यों के लिए दिया गया है। वे बच्चों को केवल पढ़ाना ही नहीं बल्कि अच्छा जीवन जीना, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करना भी सिखाती हैं। छोटे बच्चों को मातृभाषा और शैक्षणिक सहायक सामग्री (TLM) के माध्यम से रोचक गतिविधियों से जोड़कर पढ़ाना उनका विशेष योगदान रहा है।
समारोह में प्रदेशभर के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसमें सूरजपुर, कबीरधाम, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ के चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में राज्यपाल की धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद उपस्थित थे।
नारायणपुर जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि सुश्री सविता यादव जैसी शिक्षिका ने राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है और जिले का नाम रोशन किया है।





