May 30, 2026 12:38 am

नारायणपुर एसपी ऑफिस में बैठा तथाकथित कंप्यूटर ऑपरेटर पुलिस भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी कर हुआ फरार – नरेन्द्र नाग अध्यक्ष बस्तर लोकसभा आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

तथाकथित ठग के खातो का लेनदेन व मोबाइल डिटेल से लेकर उनके गिरोह की जांच कर कठोर कार्यावाही करते हुये अभ्यर्थियों का पैसा वापस करते हुये भर्ती प्रक्रिया निरस्त किया जाये व पुनः भर्ती प्रक्रिया शुरू करे सरकार

नारायणपुर, 17 मार्च।

आज आम आदमी पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नारायणपुर जिले में पुलिस भर्ती के नाम पर हुए बड़े ठगी के मामले का खुलासा किया है। पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने आरोप लगाया कि एसपी कार्यालय में बैठने वाला एक तथाकथित कंप्यूटर ऑपरेटर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर फरार हो गया है।

जानकारी के अनुसार एडका क्षेत्र का एक अभ्यर्थी 20 फरवरी 2025 को पुलिस भर्ती में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का शिकार हुआ। एसपी कार्यालय में बैठने वाले तथाकथित कंप्यूटर ऑपरेटर ने उससे करीब ढाई लाख रुपये लेकर नौकरी लगाने का झूठा भरोसा दिलाया। भरोसा दिलाने के लिए उससे एटीएम और बैंक खाते के माध्यम से भी पैसे का लेनदेन कराया गया।

इस पूरे मामले में एडका में पदस्थ एक डॉक्टर का नाम भी सामने आ रहा है, जिसने अभ्यर्थी को भरोसा दिलाते हुए भर्ती में नौकरी लगने का पक्का आश्वासन दिया। डॉक्टर के लगातार आश्वासन के कारण अभ्यर्थी लंबे समय तक झांसे में रहा।

जब अभ्यर्थी को ठगी का अहसास हुआ तो उसने अपनी आपबीती आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग को बताई और कुछ साक्ष्य भी सौंपे। इस मामले को लेकर 16 मार्च 2026 को जनदर्शन में शिकायत करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपियों ने पुलिस का सहारा लेकर मामले को दबाने की कोशिश की।

आरोप है कि एडका थाना पुलिस ने अभ्यर्थी को ही थाने बुलाकर समझौते का दबाव बनाया और शिकायत नहीं करने की बात कही। थाना प्रभारी ने कथित कंप्यूटर ऑपरेटर से 15 दिन के भीतर पैसे वापस दिलाने का आश्वासन दिलाकर मामले को शांत कराने की कोशिश की।

नरेन्द्र नाग ने कहा कि यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि नारायणपुर जिले में हुई 500 पदों की पुलिस भर्ती में बड़े पैमाने पर लेनदेन हुआ हो सकता है। जिले के अभ्यर्थियों के अनुसार 500 पदों में नारायणपुर जिले के मात्र 5 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि अधिकांश भर्ती बाहरी लोगों की हुई है, जिससे गंभीर संदेह उत्पन्न होता है।

जिला अध्यक्ष परमीत दुग्गा ने कहाँ की आज एसपी व कलेक्टर को ज्ञापन सोपकर सीबीआई जांच की मांग रखी है ओर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर कठोर कार्यावाही करने की बात रखी है

आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि भर्ती प्रक्रिया की सच्चाई सामने आ सके और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को न्याय मिल सके।

साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि कथित कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश पटेल को तत्काल गिरफ्तार कर उसके पूरे नेटवर्क की जांच की जाए तथा नारायणपुर जिले के सभी अभ्यर्थियों से जानकारी लेकर यह पता लगाया जाए कि किन-किन लोगों के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी हुई है।

नरेन्द्र नाग ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी स्थानीय बेरोजगार युवाओं के साथ एसपी कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी आज ज्ञापन देने वालो मे मुख्यरूप से जिलाध्यक्ष परमीत, रामलाल दुग्गा,रामदेव दुग्गा, प्रदीप दुग्गा, संजय कोर्राम,मनकू पोटाई व अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

मीडिया

आम आदमी पार्टी

जिला नारायणपुर

Leave a Comment

error: Content is protected !!